शिवपुरी जिले में इन दिनों ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। सुबह के समय कोहरा और शीतलहर का असर जारी है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना हैं। सुबह-सुबह कोहरे की चादर छाई रही, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हुई। हालांकि, दोपहर में हल्की धूप निकल रही हैं, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते लोगों को राहत नहीं मिल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी में प्रदेश का मौसम ठंडा ही रहेगा। 20 से 22 दिन तक शीतलहर चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा। अगले दो-तीन दिनों तक कोहरा और ठंडी हवाओं का दौर जारी रहेगा। शिवपुरी में ठंड बढ़ने से सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। डॉक्टरों ने लोगों को सुबह और रात के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही गर्म कपड़े पहनने और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी जा रही है। मौसम के इस बदलाव का असर किसानों पर भी पड़ रहा है। फसलों को ठंड और कोहरे से नुकसान होने की आशंका है। खासतौर पर सरसों और चने की फसलों पर इसका असर पड़ सकता है।


