जोधपुर में पांच दिन बाद बढ़ेगी सर्दी:दिन में धूप की वजह से अभी मौसम अनुकूल, ठंड का नहीं बड़ा असर

दिसंबर के आधे महीने गुजर जाने के बाद भी जोधपुर में ठंड अपना असर नहीं दिखा पाई है। लगातार चौथे साल दिसंबर सर्दी के लिहाज से फीका दिखाई दे रहा है। सुबह-शाम हल्की सिहरन जरूर महसूस हो रही है, लेकिन दिन में सूरज की तपिश अब भी गर्माहट बनाए हुए है। धूप की वजह से असर कम महीने के पहले पखवाड़े में न्यूनतम तापमान ज्यादातर दिनों में औसत से अधिक दर्ज हुआ। बीते पांच दिनों में पारा थोड़ा नीचे जरूर गया, लेकिन सर्द हवाओं की अनुपस्थिति के कारण ठंड का असर सीमित रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री गिरकर 30.2 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम 0.5 डिग्री बढ़कर 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार दिसंबर में जोधपुर का औसत न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री और अधिकतम 27.5 डिग्री सेल्सियस रहता है। पिछले दस वर्षों में देखा जाए तो हाल के चार वर्षों में दिसंबर के दौरान पारा 7.8 डिग्री से नीचे नहीं गया है, जबकि सामान्य दिसंबर में यह 4 से 6 डिग्री तक पहुंच जाता था। लगातार दूसरे साल दिसंबर के पहले पखवाड़े तक एक भी बार शीतलहर नहीं चली है। मौसम विभाग के मुताबिक 18 से 20 दिसंबर के बीच एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी और पश्चिमी भारत से गुजरेगा। इससे उत्तर भारत में बर्फबारी की पूरी संभावना है। बर्फबारी के बाद जोधपुर समेत मैदानी इलाकों में उत्तर की सर्द हवाएं चलेंगी, जिसके असर से तापमान में गिरावट शुरू होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *