खंडवा के बुधवारा बाजार में अपनी खरीदी हुई दुकान का कब्जा लेने के लिए एक व्यापारी ने चोरों की गैंग बना ली। वह 15 लोगों और एक पिकअप वाहन के साथ रात 2 बजे दुकान पर पहुंचा और कटर मशीन से ताले तोड़कर सामान खाली करवाने लगा। तभी मार्केट के चौकीदार ने देख लिया। पुलिस ने जांच के बाद दुकान मालिक विनायक उपाध्याय समेत 15 लोगों पर केस दर्ज किया है। विनायक सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला 70 लाख रुपए की दुकान के कब्जे से जुड़ा है। कोतवाली पुलिस की जांच में सामने आया कि मामला कब्जे का है। व्यापारी ने दुकान खरीदी थी, लेकिन उसे कब्जा नहीं मिल रहा था। दिन के समय विरोध होने के डर से उसने रात में दुकान पर कब्जा करने का प्लान बनाया। इसके लिए एक पिकअप वाहन भाड़े पर लिया और 15 लोग इकट्ठे किए, ताकि दुकान के भीतर रखे सामान को बाहर निकालकर कब्जा लिया जा सके। TI बोले- कब्जा लेना था तो राजस्व विभाग की मदद लेते
थाना प्रभारी मनोज दवे ने जांच में पाया कि व्यापारी का कृत्य आपराधिक है। उन्होंने कहा कि यदि उसे कब्जा लेना था, तो राजस्व विभाग की मदद लेनी चाहिए थी। लेकिन उसने एक गैंग बनाई और रात के समय कटर मशीन से शटर काट दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शनिवार देर शाम तक 15 लोगों पर केस दर्ज किया। बुधवारा बाजार में 1:40 बजे हुई वारदात
घटना शहर के बुधवारा बाजार की है। यहां स्टार बुक सेंटर और अप्सरा साड़ी सेंटर के शटर के ताले तोड़े गए। घटना रात 1:40 बजे की है। पीड़ित दुकानदार फखरूद्दीन सैफी ने शिकायत में कहा, “15 लोग थे, जो कि पिकअप लेकर आए थे। हम लोग जागे तब तक वे लोग पिकअप वाहन में कुछ सामान रख चुके थे।” पुलिस ने ड्राइवर सहित पिकअप वाहन को जब्त कर लिया, लेकिन उस दौरान अन्य आरोपी भाग गए। आरोपी पक्ष का दावा- 70 लाख में खरीदी है दुकान
आरोपी विनायक उपाध्याय के परिजनों का कहना है कि बेटे ने 6 महीने पहले ही यह दुकान खरीदी थी। 10 बाय 45 यानी करीब 450 स्क्वेयर फीट की यह दुकान 70 लाख रुपए में खरीदी गई थी। यह दुकान गणेश तलाई निवासी कय्यूम ठेकेदार से ली गई थी। विनायक के नाम से रजिस्ट्री और नामांतरण भी हो गया है। दुकानदार कब्जा नहीं छोड़ रहे थे, ऐसे में यह रास्ता अपनाया था।


