गृह मंत्री बेढ़म ने मंदिर में लगाई झाड़ू, कचरा उठाया:पूंछरी में किया श्रमदाम, कलेक्टर ने तुलसी का पौधा भेंट कर किया अभिनंदन

ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के प्रमुख पड़ाव पूंछरी स्थित श्रीनाथ जी मंदिर के प्रांगण में रविवार को ‘स्वच्छता नागरिक सहभागिता एवं जन जागरूकता’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम राज्य सरकार के 2 साल का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हुआ। गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने इस दौरान खुद फावड़ा चलाकर और तसला उठाकर श्रमदान किया। उन्होंने मंदिर परिसर में झाड़ू लगाई और कचरा भरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली तक पहुंचाया। मंत्री को देख कर्मचारी भी सफाई अभियान में जुटे
मंत्री को श्रमदान करते देख वहां मौजूद अधिकारी और आमजन भी दोगुने उत्साह के साथ सफाई अभियान में जुट गए। जिला कलेक्टर ने मंत्री का तुलसी का पौधा भेंट कर अभिनंदन किया, वहीं प्रशासनिक अमले ने भी बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। लोगों को स्वच्छता के लिए किया प्रेरित
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए गृहराज्य मंत्री बेढ़म ने कहा कि स्वच्छता का सीधा संबंध हमारे स्वास्थ्य और समृद्धि से है। उन्होंने जोर दिया कि कूड़ा-करकट और गंदगी न केवल स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं, बल्कि वातावरण की सकारात्मक ऊर्जा को भी बाधित करते हैं।
मंत्री बेढ़म ने कहा, “जिस प्रकार हर व्यक्ति अपने घर और आंगन को साफ रखना चाहता है, उसी प्रकार हमें अपने सार्वजनिक स्थलों, गलियों और विशेषकर पूंछरी जैसे धार्मिक स्थलों की पवित्रता को बनाए रखने का संकल्प लेना होगा।” उन्होंने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वच्छ परिवेश ही मन को सुकून देता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *