दतिया जिले में बड़ौनी थाना क्षेत्र के हाइवे पर रत्न पेट्रोल पंप के पास पैदल जा रहे एक बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान भाषणा खुर्द निवासी 60 वर्षीय रामसिंह पिता पन्नालाल रावत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रामसिंह खोया बेचने के लिए दतिया आए थे। काम निपटाने के बाद वह पैदल ही अपने गांव लौट रहे थे, तभी रत्न पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ। राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, नहीं बच सकी जान टक्कर के बाद बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अज्ञात वाहन चालक फरार, CCTV से तलाश हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी दिनेश राजपूत ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने रविवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना से गांव में शोक का माहौल है।


