विदिशा जिले में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। अशोकनगर जिले की एक स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सगड़ नदी में जा गिरी। बस में 49 स्कूली बच्चे सवार थे, जिनमें से करीब 20 बच्चे घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, बस बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए सांची ले जा रही थी। बस में स्कूल के चार स्टाफ सदस्य भी मौजूद थे। ज़ोहद के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिर गई। स्थानीय लोगों ने की मदद, प्रशासन मौके पर पहुंचा हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बच्चों और स्टाफ को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों का बासौदा अस्पताल में इलाज घायल बच्चों को एंबुलेंस से गंजबासौदा के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर लिया है और बस हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। राहत और बचाव कार्य देर तक चलता रहा। वाहन में वैध कागजात नहीं थे, नशे में था ड्राइवर प्रारंभिक जांच में पता चला कि बस का बीमा, फिटनेस प्रमाण पत्र और टूर/परिवहन परमिट मौजूद नहीं था। इसके अलावा बस का चालक नशे की हालत में तेज रफ्तार से बस चला रहा था। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुटे हैं। अधिकारी बता रहे हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और फरार बस चालक की तलाश भी तेज कर दी गई है। बस के बिना वैध दस्तावेज के सड़कों पर दौड़ने ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


