अशोकनगर जिले के बहादुरपुर स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की एक बस विदिशा जिले में पलट गई। बस में 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र और स्कूल स्टाफ सवार थे, जो औद्योगिक भ्रमण के लिए विदिशा और सांची जा रहे थे। हादसे में 20 से अधिक छात्र और कुछ स्टाफ सदस्य घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज चल रहा है। हादसा रविवार सुबह विदिशा जिले के नटेरन थाना क्षेत्र के कागपुर गांव के पास नदी पर बने पुल पर हुआ। जानकारी के अनुसार, पुल की चौड़ाई कम थी। सामने से आ रही एक अन्य बस को साइड देने के दौरान स्कूल बस अनियंत्रित हो गई और पुल से नीचे जा गिरी। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू किया, 3-4 छात्रों को फ्रैक्चर हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत बस में फंसे छात्रों और स्टाफ को बाहर निकाला। करीब तीन से चार छात्रों को फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। गंजबासौदा अस्पताल में इलाज सभी घायलों को दो एंबुलेंस की मदद से गंजबासौदा के गांधी सागर चिकित्सालय पहुंचाया गया। यहां छात्रों और स्टाफ का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।


