सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर हीरक जयंती मनाई गई। भिलाई में रविवार को जयंती स्टेडियम में बीएसएफ डायमंड जुबली रन-2025 का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और समर्थन व्यक्त किया। इस दौड़ में भिलाई के साथ-साथ आसपास के जिलों से आए धावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक हर आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने फिटनेस और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। बीएसएफ के अलावा अन्य सुरक्षा बलों के अधिकारी, जवान और खिलाड़ी भी बड़ी संख्या में इस दौड़ में शामिल हुए। दो वर्गों में हुई दौड़ की प्रतियोगिता कार्यक्रम के तहत पुरुष वर्ग के लिए 10 किलोमीटर और महिला वर्ग के लिए 5 किलोमीटर दौड़ आयोजित की गई। दौड़ का शुभारंभ बीएसएफ के डीआईजी (पीएसओ) गिरधारी लाल मीणा ने हरी झंडी दिखाकर किया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि आनंद प्रताप सिंह, आईपीएस, आईजी, सीमांत मुख्यालय (विशेष संक्रिया), सीमा सुरक्षा बल, छत्तीसगढ़ ने विजेताओं को मेडल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बीएसएफ हर वर्ष अपने स्थापना दिवस पर इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करती है, ताकि युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति को प्रोत्साहित किया जा सके। फिट रहने का दिया संदेश
आईजी आनंद प्रताप सिंह ने कहा कि फिट रहना न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि इससे व्यक्ति की कार्यक्षमता, ऊर्जा और मानसिक संतुलन भी बेहतर होता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों से जुड़ने की अपील की। डायमंड जुबली रन-2025 के परिणाम पुरुष वर्ग (10 किलोमीटर)
प्रथम स्थान – आशुतोष बिंद
द्वितीय स्थान – सुरेश कुमार
तृतीय स्थान – विवेक प्रसाद महिला वर्ग (5 किलोमीटर)
प्रथम स्थान – रूखमणि साहू
द्वितीय स्थान – नीता सलाम
तृतीय स्थान – शीतल कुशवाहा


