बुजुर्ग की हत्या, परिजनों ने एसपी से लगाई गुहार:मामले की जांच को अन्य थाने या वरिष्ठ अधिकारी से करवाने की अपील

चूरू के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में मारपीट के बाद हत्या के आरोप मामले में परिजनों ने पुलिस जांच पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक के भाई मोहसिन ने एसपी को एक परिवाद सौंपा है, जिसमें जांच किसी अन्य थाने या वरिष्ठ अधिकारी से करवाने का अनुरोध किया गया है। एसपी को दिए परिवाद में 55 वर्षीय मोहसिन खान ने बताया कि 24 नवंबर 2025 को उनके बड़े भाई अख्तर हुसैन रतनगढ़ गांव में एक रिश्तेदार की शादी में भात भरने आए थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने अख्तर हुसैन, उनकी बहन और भतीजी के साथ मारपीट की। आरोप है कि गंभीर अंदरूनी चोट लगने से अख्तर हुसैन बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बावजूद आरोपियों ने मारपीट जारी रखी। बीच-बचाव करने पर महिला परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद घायल अख्तर हुसैन को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रतनगढ़ थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद करीब 16 दिन बीत जाने के बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे आरोपियों के हौसले बढ़े हुए हैं और वे खुलेआम घूमकर लोगों में भय का माहौल बना रहे हैं। परिजनों ने यह भी कहा कि जांच अधिकारी का रवैया निष्पक्ष नहीं है और उन्हें जांच में लापरवाही की आशंका है। उन्होंने एसपी से मांग की है कि मामले की जांच किसी वरिष्ठ और निष्पक्ष अधिकारी से करवाई जाए। साथ ही, पोस्टमॉर्टम की फोरेंसिक जांच करवाई जाए और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *