कटनी के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में महानदी के गुडेहाघाट पर रविवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिला। युवक के हाथ-पांव रस्सी से बंधे हुए थे। पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है। शव मिलने की सूचना पर विजयराघवगढ़ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद, मामले की गंभीरता को देखते हुए कटनी एसपी अभिनव विश्वकर्मा और एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया भी टीम के साथ सिंघानपुरी के गुडेहाघाट पहुंचे। युवक के हाथ-पांव रस्सी से बंधे मिले प्राथमिक जांच में पुलिस ने पाया कि मृतक युवक की उम्र लगभग 25 साल है। उसके हाथ और पाव कसकर रस्सी से बंधे हुए थे। पुलिस का मानना है कि युवक की पहले हत्या की गई होगी और फिर साक्ष्य मिटाने और शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से उसे महानदी में फेंका गया होगा। हत्या के एंगल से पुलिस कर रही है जांच पुलिस के अनुसार, यह एक सुनियोजित वारदात प्रतीत हो रही है। पुलिस अब मृतक की पहचान और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। विजयराघवगढ़ पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। उन्होंने सभी थानों को मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह भी जांच की जा रही है कि क्षेत्र में हाल ही में कोई गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई है या नहीं। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और गहनता से जांच शुरू कर दी है। नदी के आसपास के क्षेत्रों में भी लोगों से पूछताछ की जा रही है।


