बीजेपी सरकार के 2 साल होने पर स्वच्छता अभियान:खैरथल नगर परिषद में जन-जागरूकता कार्यक्रम, किशनगढ़ बास में पहुंचा रथ

खैरथल नगर परिषद ने रविवार को शहर में व्यापक स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था। इसका मुख्य उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना है। साफ सफाई के लिए किया प्रेरित
नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा ने बताया-इस कार्यक्रम के तहत हनुमान पहाड़ी मंदिर और पार्क परिसर में सामूहिक श्रमदान किया गया। मंदिर परिसर से कचरा, झाड़-झंखाड़ और गंदगी हटाकर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान शहरवासियों को साफ-सफाई के प्रति प्रेरित भी किया गया। अभियान के दौरान हनुमान पहाड़ी पार्क से रेलवे अंडरपास होते हुए अंबेडकर सर्किल से नगर परिषद सभागार तक एक स्वच्छता रैली निकाली गई। इसमें नगर परिषद के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और आमजन ने हिस्सा लिया और स्वच्छता का संदेश दिया। शहर के कई स्थानों पर रंगोली बनाकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूकता फैलाई गई। शौचालयों की साफ सफाई की
कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न पार्कों और सार्वजनिक शौचालयों की भी साफ-सफाई की गई। नागरिकों से अपील की गई कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करें, सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखें और प्लास्टिक का उपयोग कम करें। नगर परिषद ने आमजन से स्वच्छता अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया। इसका उद्देश्य शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सामूहिक जिम्मेदारी सुनिश्चित करना है। किशनगढ़बास में हुआ कार्यक्रम
वहीं किशनगढ़बास के मीरका गांव में दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘दो साल नव उत्थान नई पहचान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विकास रथ के माध्यम से सरकार की उपलब्धियां प्रदर्शित की गईं। मीरका में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं पूर्व विधायक रामहेत यादव, विधानसभा प्रभारी उम्मेद भाया, जिला उपाध्यक्ष राजेश बटवाड़ा, मीरका सरपंच प्रताप यादव और विनोद मिश्रा सहित कई ग्रामवासी उपस्थित रहे। उन्होंने विकास रथ पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सरकार की दो साल की उपलब्धियों का वीडियो देखा। पूर्व विधायक रामहेत यादव ने इस अवसर पर कहा कि भजनलाल सरकार कथनी और करनी में विश्वास रखती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। यादव ने बताया कि हाल ही में कोटकासिम और किशनगढ़बास में कई विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *