बूंदी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-52 पर रविवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती और उनके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी, जिससे तीनों ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। तालेड़ा थाना अधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि रविवार दोपहर तालेड़ा थाना क्षेत्र के सांदड़ी कट के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने कोटा की ओर जा रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी की बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनका एक साल का बच्चा उछलकर सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोट लगने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सांवलपुरा गुमानपुरा (बूंदी) निवासी सुंदर सिंह (36) पुत्र दरबासा सिंह, उनकी पत्नी राज कौर (30) और एक वर्षीय बेटे अमृत उर्फ अमनदीप सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर 108 एम्बुलेंस के जरिए पोस्टमॉर्टम के लिए तालेड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। तेज रफ्तार से आए दिन हादसे घटना से आक्रोशित लोगों का कहना है कि फोरलेन पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आए दिन हादसों का कारण बन रही है। तीनधारा महादेव कट के पास पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में तुरंत सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। हादसे के कारण NH-52 पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ, जिसे पुलिस ने रास्ता परिवर्तित कर नियंत्रित किया। ट्रक जब्त, आरोपी की तलाश जारी थाना अधिकारी ने बताया कि ट्रक का जब्त कर लिया गया और ड्राइवर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


