राज्य सरकार के 2 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत नगर परिषद ने रविवार को जिला मुख्यालय स्थित चतुर्भुज तालाब पर स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया। कलेक्टर कल्पना अग्रवाल सहित अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और जनभागीदारी का संदेश दिया। इस अवसर पर कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में यह अभियान शहरी, जिला और पंचायत स्तर पर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और उनकी सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि जैसे हर व्यक्ति अपने घर की साफ-सफाई करता है, उसी तरह गली, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब तक आम आदमी इस अभियान से नहीं जुड़ेगा, तब तक शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना संभव नहीं है। स्वच्छता का सीधा असर हमारे शारीरिक और मानसिक विकास पर भी पड़ता है। शहरवासियों से सहयोग की अपील कार्यक्रम में पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि सभी शहरवासियों को स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए, ताकि टोंक स्वच्छ और सुंदर शहर बन सके। अधिकारियों ने किया श्रमदान इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर रामरतन सौकरिया, सीईओ परशुराम धानका, नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल जाट, जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक संजय जैन, रीको के क्षेत्रीय प्रबंधक सीताराम मीना सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने तालाब परिसर में सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। होंगे ये कार्यक्रम राज्य सरकार की दो वर्ष की वर्षगांठ के तहत सोमवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदान शिविर और आरोग्य कैंप आयोजित किए जाएंगे। वहीं पशुपालन विभाग की ओर से गोसेवा कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।


