प्रतापगढ़ जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने एक सप्ताह पूर्व प्रतापगढ़ बस स्टैंड परिसर का निरीक्षण कर अव्यवस्थाओं को दूर करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, उनके निर्देशों के बावजूद परिसर की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। चारों ओर गंदगी फैली है और सड़क निर्माण न होने के कारण जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे दिनभर धूल उड़ती रहती है। बसों और अन्य भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से उड़ने वाली धूल के कारण बस स्टैंड परिसर के दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। खाद्य सामग्री बेचने वाले व्यापारियों का कहना है कि धूल उनके सामान को खराब कर रही है, जिससे ग्राहकों को भी असुविधा होती है। धूल भरे माहौल में यात्रियों और दुकानदारों का ठहरना मुश्किल हो गया है।दुकानदारों ने बताया कि वे सड़क निर्माण और साफ-सफाई की समस्या को लेकर नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत करा चुके हैं। इसके बावजूद, अब तक सुधार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय व्यापारियों संजय बत्रा, कृष्णा व्यापारी, राजेश बत्रा, फल फ्रूट व्यापारी मांगीलाल और बस ऑपरेटर इरशाद मोहम्मद ने मांग की है कि बस स्टैंड परिसर की स्थिति को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने तुरंत सड़क निर्माण कार्य, नियमित सफाई और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और व्यापार सामान्य रूप से चल सके।


