झालावाड़ में 9वीं नेशनल हेपकिडो चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। हेपकिडो डेवलपमेंट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के तत्वावधान में हुए इस समारोह में राजस्थान के खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। यह चैंपियनशिप 6 से 7 दिसंबर तक चित्तौड़गढ़ में आयोजित हुई थी, जिसमें राजस्थान के 120 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया था। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 27 स्वर्ण, 39 रजत और 61 कांस्य पदक जीते, जिससे राजस्थान ओवरऑल चैंपियन बना। झालावाड़ के कोटा रोड स्थित संकल्प अकादमी में आयोजित सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद सीईओ शंभूदयाल मीणा ने की।
विशिष्ट अतिथियों में हेपकिडो डेवलपमेंट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष कुलदीप अरोड़ा, सचिव अनीता मालव, समाजसेवी मनोज शर्मा, संकल्प अकादमी के डायरेक्टर उदयभान सिंह, समाजसेवी अतुल झाला, जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल और इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसिपल करतार सिंह शामिल रहे।


