दीक्षा थालोड़ रही वाद-विवाद, आशुभाषण प्रतियोगिता में टॉपर:मोनिका दूसरे स्थान पर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर छात्राओं ने रखे विचार

भारत विकास परिषद् डीडवाना शाखा के तत्वावधान में पंडित बच्छराज व्यास आदर्श विद्यामंदिर में हिंदी वाद-विवाद एवं आशुभाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में डीडवाना के विभिन्न महाविद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय “कृत्रिम बुद्धिमत्ता ने मानव जीवन को सहज एवं सुगम बनाया है” रहा। प्रतिभागियों ने इस विषय पर प्रभावी, तर्कपूर्ण एवं विचारोत्तेजक वक्तव्य प्रस्तुत किए। वहीं, आशुभाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने तत्काल दिए गए विषयों पर अपनी अभिव्यक्ति क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी जितेंद्र सिंह जोधा ने अपने उद्बोधन में कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता मानव के लिए एक सशक्त साधन है, किंतु मानव विवेक और संवेदना का कोई विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीक का उपयोग मानवता, समाज और राष्ट्र के हित में करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि गोविंदलाल रुवटिया ने छात्राओं की बढ़ती सहभागिता को सुनहरे भारत का संकेत बताया। अतिविशिष्ट अतिथि विनोद सेन, क्षेत्रीय मंत्री-भाविप ने युवाओं के बौद्धिक विकास के लिए परिषद द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. गजादान चारण ने कहा कि संवाद और विचार-विमर्श से ही स्वस्थ लोकतांत्रिक चेतना का निर्माण होता है तथा भारत विकास परिषद इसी उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है। वाद-विवाद एवं आशुभाषण प्रतियोगिता के समेकित परिणाम में छोटी देवी मेमोरियल बी.एड. गर्ल्स कॉलेज, डीडवाना की दीक्षा थालोड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एस.के. ग्रीनवुड गर्ल्स बी.एड. कॉलेज की मोनिका शेखावत द्वितीय तथा शगुन कॉलेज, डीडवाना की तनुश्री लदनिया तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अभिषेक शर्मा, रमेश सारस्वत, कमल मोट, भुवनेश शर्मा एवं महावीर राखेचा शामिल रहे। कार्यक्रम में सचिव सुरेंद्र सोनी, संयोजक ममता मोट सहित विवेक शर्मा, नितेश बाजारी, पवन कुमार जोशी, बालमुकुन्द बगड़िया, अमित सोनी, दिनेश सोनी, शिवकुमार शर्मा, कमल शर्मा, मनीष भारुका, नीलकमल शर्मा एवं महावीर सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *