इंदौर के विजयनगर में बैंक में चोरी का प्रयास:चैनल गेट का ताला तोड़कर बदमाश ऑफिस कंपाउंड तक पहुंचे

इंदौर के विजयनगर में बदमाशों ने गोल्ड लोन देने वाले एक बैंक में घुसकर चोरी का प्रयास किया। हालांकि वे वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके। बैंक अधिकारियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद शनिवार को मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने बताया कि विशाल इटावदिया, निवासी अटल द्वार एमआईजी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। विशाल के अनुसार, वह सिक्का स्कूल के पास स्थित मणिपुरम फाइनेंस लिमिटेड में कार्यरत है। यहां बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया। दो दिन पहले रात में गोल्ड लोन बैंक के बाहरी गेट का ताला तोड़कर चोर कार्यालय परिसर में घुसे और चैनल गेट का ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने लिखित आवेदन लिया और शनिवार को एफआईआर दर्ज की। वहीं द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के गुमाश्ता नगर निवासी मुकेश सारडा के यहां भी बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर गेट का नकुचा तोड़कर नकद रुपए और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। रिसॉर्ट में रुके सीए की कार से बैग चोरी इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में एक रिसॉर्ट में रुके चार्टर्ड अकाउंटेंट की कार का कांच तोड़कर बदमाश बैग चुरा ले गए। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, अशोक जेथलिया ने बताया कि वह सीए हैं और परिवार के साथ उज्जैन शादी में गए थे। वहां से शुक्रवार रात लौटते समय वे ग्राम बरदरी स्थित बर्डेविस्टा रिसॉर्ट में रुके थे। शनिवार सुबह पार्किंग में कार के पास पहुंचे तो कांच टूटा मिला। कार से लैपटॉप बैग, चांदी के बर्तन, बैग में रखी नकदी और कपड़े गायब थे। घटना की जानकारी रिसॉर्ट स्टाफ को दी गई, इसके बाद शनिवार को थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *