छत तोड़कर की मोबाइल चोरी:पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा, 13 फोन बरामद

अशोकनगर शहर में स्टेशन रोड स्थित महावीर इंटरप्राइजेज मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी किए गए 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप चौहान ने बताया कि 21 नवंबर को गोपालगंज स्टेशन रोड निवासी 20 वर्षीय सुजल जैन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि रात के समय अज्ञात चोर ने दुकान की छत तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे करीब 25 मोबाइल फोन चोरी कर लिए। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। फुटेज में एक संदिग्ध युवक चोरी करते हुए दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी। जांच के दौरान पुलिस ने प्रदीप लोधी निवासी तुलसी कॉलोनी, अभिषेक केवट निवासी छैलाबाग रोड और गोलू प्रजापति निवासी गौशाला रोड से पूछताछ की। पूछताछ में अभिषेक केवट ने चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि उसने चोरी किए गए मोबाइल प्रदीप लोधी और गोलू प्रजापति को बेच दिए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 13 मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। बाकी मोबाइल की तलाश भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान के साथ उप निरीक्षक मनीष गुर्जर, एएसआई संजय गुप्ता, साइबर सेल से अभिजीत सहित पुलिस टीम के कई जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल दुकानदारों ने राहत की सांस ली है, वहीं शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर भी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *