करौली के लांगरा थाना पुलिस ने ऑपरेशन स्मैक आउट के तहत गिरफ्तार तस्करों से 5 लाख स्मैक बिक्री राशि बरामद की है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की सूचना के आधार पर राशि को बरामद किया है। पुलिस आरोपियों से स्मैक की खरीद फरोख्त में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। लांगरा थाना अधिकारी वासुदेव बसवाल ने बताया कि एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के साथ ही ऑपरेशन स्मैक आउट चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मासलपुर थाना पुलिस ने स्मैक तस्कर धारा सिंह और रवि मीणा को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से पूछताछ में स्मैक तस्कर कमल मीणा निवासी चिलाचौंद के आवास से स्मैक बिक्री के 5 लाख रुपए बरामद किए हैं। आरोपी मौके से फरार हो गया। थाना अधिकारी ने बताया कि स्मैक तस्कर कमल मीणा गिरफ्तार आरोपी धारा सिंह का रिश्ते में जीजा है। गिरफ्तार आरोपी कमल मीणा से स्मैक खरीदकर क्षेत्र में छोटी पुड़िया बनाकर सप्लाई करते थे। आरोपियों द्वारा धौलपुर, करौली, जयपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर जिले में स्मैक की बिक्री करते थे। आरोपियों के तार कोटा, बारां, झालावाड़ के तस्करों के साथ जुड़े हुए हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर स्मैक खरीद फरोख्त में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।


