तामिया की वादियों में उतरे फिल्मी सितारे:साउथ फिल्मों की शूटिंग से बदला माहौल; आगामी 50 दिनों तक चलेगी शूटिंग

छिंदवाड़ा में सतपुड़ा की पहाड़ियों, ठंडी हवाओं, कभी धूप तो कभी कोहरे के बीच तामिया और पातालकोट की वादियां इन दिनों फिल्मी रंग में रंग गई हैं। हरियाली से घिरी घाटियां, गांवों की गलियां और पहाड़ों से गिरते झरने अब साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कैमरों में कैद हो रहे हैं। तामिया में तेलुगु फिल्म ‘भैरवी’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है, जबकि ‘टारगेट’ और ‘आडू बुलेट रा’ की शूटिंग भी जल्द शुरू होने जा रही है। आने वाले करीब 50 दिनों तक तामिया और आसपास के गांवों में लगातार फिल्मों और वीडियो एल्बम की शूटिंग चलेगी। जिला प्रशासन के सहयोगात्मक और संवेदनशील रवैये से तामिया अब फिल्म शूटिंग के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन बनता जा रहा है। कलेक्टर हरेंद्र नारायन और जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में फिल्म यूनिट्स को बेहतर सुविधाएं, समय पर अनुमति और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से शूटिंग से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं आसान की गई हैं, जिससे साउथ फिल्म इंडस्ट्री का रुझान लगातार तामिया की ओर बढ़ रहा है। फिल्मों की शूटिंग के लिए साउथ की जानी-मानी हस्तियां छिंदवाड़ा पहुंची हैं। इनमें फिल्म भैरवी की प्रोड्यूसर विजयलक्ष्मी गुड़लुरी और डायरेक्टर अशोक, आडू बुलेट रा के प्रोड्यूसर बी. माधव रेड्डी और डायरेक्टर कट्टा श्रीनिवासा, वहीं टारगेट के प्रोड्यूसर शेख नईम अहमद और डायरेक्टर तनिषा रूपा शामिल हैं। सभी ने तामिया और आसपास के इलाकों की लोकेशन्स को शूटिंग के लिए फाइनल किया है। होम स्टे और पर्यटन ग्राम भी दिखेंगे स्क्रीन पर
शूटिंग व्यवस्था से जुड़े कोलंबस मल्टीमीडिया के लाइन प्रोड्यूसर उमरगुल खान ने बताया कि फिल्मों में तामिया की प्रमुख लोकेशन्स को दर्शाया जाएगा। इनमें पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, पाटन गांव, तामिया व्यू प्वाइंट, तुलतुला मंदिर और तामिया बाजार शामिल हैं। इसके साथ ही मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित किए जा रहे पर्यटन ग्राम काजरा और सावरवानी में भी शूटिंग होगी, जहां के होम स्टे को भी फिल्मों में दिखाया जाएगा। शूटिंग से स्थानीय लोगों को मिल रहा रोजगार
फिल्म शूटिंग का सीधा फायदा तामिया के स्थानीय लोगों को मिल रहा है। तकनीकी स्टाफ में स्थानीय युवाओं को शामिल किया गया है। होटल, कैटरिंग, ट्रैवल्स और अन्य सेवाओं में भी स्थानीय लोगों को काम मिल रहा है। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों, पेंटर, कैटरर और अन्य सहयोगी स्टाफ को भी रोजगार से जोड़ा जा रहा है। तामिया के आकाश मंडराह और अमन सरवैया अपनी टीम के साथ इन फिल्मों में असिस्टेंट लाइन प्रोड्यूसर की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म यूनिट्स का कहना है कि तामिया के लोगों का सरल और खुशमिजाज स्वभाव, सुरक्षित माहौल और प्राकृतिक खूबसूरती उन्हें बार-बार यहां शूटिंग के लिए आकर्षित करती है। यही वजह है कि आने वाले समय में तामिया साउथ के साथ-साथ अन्य फिल्म इंडस्ट्री की भी पसंदीदा शूटिंग लोकेशन बन सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *