अनूपपुर दोहरा हत्याकांड के सभी पांच आरोपी गिरफ्तार:हथियार-मोबाइल जब्त, जन्मदिन पर थप्पड़ मारने का बदला लिया; पांच लाख में दी सुपारी

अनूपपुर जिले के लखनपुर गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही कोतवाली पुलिस ने इस मामले से जुड़े सभी पांच आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। सोते समय की हत्या यह घटना 10 दिसंबर की रात ग्राम लखनपुर में शिव मंदिर के सामने स्थित राजेंद्र उर्फ बबलू पटेल के घर पर हुई थी। बदमाशों ने घर में सो रहे राजेंद्र पटेल (40) और उनके घर काम करने वाली कुमारी सीमा बैगा (25) निवासी ग्राम डालाडीह की बेरहमी से हत्या कर दी थी। घटना के दौरान राजेंद्र पटेल की पत्नी रूपा पटेल पर भी जानलेवा हमला किया गया था, जो गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। रविवार को पकड़े आरोपी रविवार सुबह कोतवाली पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें देवेंद्र सोनवानी (18) निवासी सामतपुर और एक 16 वर्ष 4 माह का नाबालिग किशोर शामिल है। इससे पहले पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। हथियार और मोबाइल बरामद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि जब्त सामग्री से पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जुड़ती हैं और मामले की जांच को मजबूती मिली है। पारिवारिक विवाद की वजह से की हत्या पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक राजेंद्र उर्फ बबलू पटेल ने कई साल पहले अपनी पहली पत्नी पार्वती पटेल को छोड़कर रूपा पटेल से दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से जन्मा बेटा आलोक उर्फ सूरज पटेल अपने पिता और सौतेली मां के व्यवहार से लंबे समय से परेशान था। संपत्ति को लेकर मन में था गुस्सा आलोक को अक्सर यह कहकर डांटा जाता था कि सारी जमीन-जायदाद, ट्रैक्टर और थ्रेशर सौतेली मां से जन्मे छोटे बेटे आयुष पटेल (9) को ही मिलेंगे। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। जन्मदिन पर थप्पड़ मारने का लिया बदला बताया जा रहा है कि 25 नवंबर को आलोक उर्फ सूरज पटेल के 18वें जन्मदिन पर वह बिना बताए दोस्तों के साथ चला गया था। इस बात पर पिता ने उसे डांटा और थप्पड़ भी मारा, जिससे उसका गुस्सा और बढ़ गया। पांच लाख में दी सुपारी इन सब घटनाओं से आहत होकर आलोक ने अपने 16 वर्षीय नाबालिग दोस्त से संपर्क किया। इस दोस्त ने उसकी मुलाकात सक्षम केसरवानी (18) निवासी कोरिया, छत्तीसगढ़, वर्तमान निवासी सामतपुर से कराई। इसके बाद आलोक ने पांच लाख रुपए में अपने पिता और सौतेली मां की हत्या की योजना बनाई और अन्य लड़कों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आगे की कार्रवाई जारी पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। नाबालिग आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना पूरी कर जल्द ही चालान पेश किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *