चौमूं में शिकारियों ने करीब 24 नील गायों का शिकार कर लिया। सुबह जब स्थानीय लोग जंगल में गए तो 24 से अधिक नील गायों के अवशेष मिले। लोगों ने मौके से एक शिकारी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मामला कालाडेरा थाना इलाके के सबलपुरा गांव का है। कालाडेरा थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मौके से एक शिकारी विकास बावरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके अन्य साथियों के बारे में पता किया जा रहा है। जल्द ही अन्य शिकारियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फरार आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि लोगों को देखकर बाकि 2 शिकारी भागने में कामयाब हो गए। आरोपी के पास से करीब 150 कारतूस, एक बंदूक और अन्य हथियार बरामद हुए हैं। मौके से एक हथियार और दो आधार कार्ड बरामद हुए हैं। कालाडेरा थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि सूचना पर वन विभाग के हाडौता रेंजर वन क्षेत्रीय अधिकारी अजय बडगुर्जर भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। नीलगाय के अवशेष बरामद
जयपुर एसीएफ नार्थ राजीव शर्मा ने बताया कि नीलगाय के शिकार का मामला संज्ञान में आया है। जंगल में देर रात को करीब 24 नीलगायों का शिकार किया गया है। मौके से एक शिकारी को भी हिरासत में लेकर कालाडेरा पुलिस के हवाले किया गया है। मौके से नीलगाय के अवशेष बरामद किए गए हैं। वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
जयपुर एसीएफ नार्थ राजीव शर्मा ने बताया कि सूचना पर वन विभाग के उप वन संरक्षक डीपी जगावत के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची। यह पता चला है कि यह किसी बड़े गिरोह का काम है। नीलगाय का शिकार इलाके में लंबे समय से चल रहा था। आरोपियों के खिलाफ वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट कार्रवाई की जाएगी।


