लड़की के भाई ने की प्रेमी की हत्या:रायसेन में प्रेम प्रसंग में बीयर बोतल, धारदार हथियार से मारा; आरोपी गिरफ्तार

रायसेन जिले के औद्योगिक थाना सतलापुर क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात हुई एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए रविवार को 5 से 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। युवक की बेरहमी से धारदार हथियारों और बीयर की बोतल से हत्या की गई थी। प्रारंभिक जांच में इस हत्या का कारण प्रेम प्रसंग सामने आया है। मृतक की पहचान संजय उर्फ टिल्लू तोमर (33 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 16, सतलापुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, संजय का एक युवती से प्रेम संबंध था, जिसका विरोध युवती के परिजनों को था। इसी बात को लेकर युवती के भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर संजय पर हमला किया। आरोप है कि पहले धारदार हथियार से वार किए गए, इसके बाद बीयर की बोतल से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। शव को गुमठी के पास फेंक कर भागे
हत्या के बाद आरोपियों ने युवक का शव बाजार क्षेत्र में उसकी पान की गुमटी के पास फेंक दिया। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे स्थानीय लोगों ने शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सतलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। बेटे की हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। संजय अपने परिवार का सहारा था और उसके परिवार में उसकी वृद्ध मां और दो छोटे भाई हैं। प्रेम प्रसंग में हत्या, पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। वह सतलापुर थाने की गुंडा फाइल में दर्ज था और उसके खिलाफ पहले से 7 से 8 मामले दर्ज थे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस हत्या का सीधा संबंध प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। एसडीओपी शीला सुराणा ने बताया कि मामले में 5 से 6 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *