बैंकिंग सिस्टम का दुरुपयोग कर ग्राहकों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। इंदौर में आईसीआईसीआई बैंक के 4 कर्मचारियों ने मिलकर इंदौर, पंजाब, गुजरात और तेलंगाना के व्यापारियों के खातों से पासवर्ड बदलकर करोड़ों रुपए की ऑनलाइन शॉपिंग कर दी। बिना ओटीपी बताए करंट अकाउंट से ट्रांजेक्शन की शिकायत के बाद पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। पुलिस ने चारों आरोपियों को इंदौर, तेलंगाना और मनासा से गिरफ्तार किया गया है। डीसीपी अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के नाम कमल कुमावत (28), अभिषेक मालवीय (25), स्टेनली जैकब (29) और लवदीप सिंह (21) हैं। चारों इंदौर में रहते हैं। अभिषेक मूल रूप से तेलंगाना के कागज नगर का रहने वाला है।
ऐसे की ठगी… सॉफ्टवेयर में ओटीपी देखे, फर्जी सिम खरीदे और बदल दिए पासवर्ड कमल आईसीआईसीआई विनवे वर्ल्ड ऑफिस विजय नगर में रिलेशनशिप मैनेजर है। उसके पास अलग-अलग शहरों से कस्टमर के कॉल आते थे। उसे बैंक के ‘आईव्यू’ सॉफ्टवेयर में कस्टमर्स के खातों के ट्रांजेक्शन के ओटीपी दिखते थे। यहीं से उसके मन में लालच जागा। उसने सहकर्मी अभिषेक और मनासा शाखा में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर काम करने वाले अपने जीजा स्टेनली जैकब को साजिश में शामिल किया। तीनों ने अभिषेक की मदद से तेलंगाना सर्कल के 3 व्यक्तियों के नाम से फर्जी सिम खरीदी। इन्हीं नंबर से नई आईडी बनाई। इसके बाद आरोपियों ने कई ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर आईडी बनाई और आईफोन, गेमिंग प्लेस्टेशन और ई-गोल्ड सहित करोड़ों रुपए की शॉपिंग की। यही नहीं, अपने पर्सनल लोन खाते में लाखों रुपए भी भेजकर इन्हें भी क्लोज कर दिया। कैसे पकड़े गए? : बिना ओटीपी निकासी के बाद बैंक अफसरों ने की शिकायत : बैंक अधिकारियों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बैंक के कई करंट खातों से लगातार बिना ओटीपी और पासवर्ड शेयर किए राशि निकासी हो रही है। खाता धारकों ने किसी भी व्यक्ति को ओटीपी या पासवर्ड नहीं बताए थे। पुलिस ने जांच शुरू की तो कमल, अभिषेक, स्टेनली जैकब के खातों की जानकारी निकाली। सिम नष्ट कराने के लिए फ्लाइट से पड़ोसी को तेलंगाना भेजा : जब खाताधारकों ने शिकायतें की तो आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए तेलंगाना से लाई सिम वहीं नष्ट करने का फैसला किया। इस पर कमल ने पड़ोस में बढ़ई का काम करने वाले लवदीप को महंगा फोन देने का लालच दिया। इसके बाद उसे सिम नष्ट करने के लिए फ्लाइट से तेलंगाना भेजा। लवदीप ने तेलंगाना में सिम कार्ड मोबाइल में डालकर नष्ट कर दी। इससे पुलिस को यही लगा कि फ्रॉड करने वाला मुख्य सरगना तेलंगाना का है।


