रींगस रेलवे स्टेशन पर सफला एकादशी से एक दिन पहले रविवार को श्याम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। रेलवे स्टेशन पर एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जबकि शाम तक 23 हजार से अधिक श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों ने टिकट खरीदे। सोमवार को सफला एकादशी पर श्रद्धालुओं की आवक और बढ़ने की संभावना को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी थाना पुलिस ने अपनी तैनाती बढ़ा दी है। कस्बे के श्यामजी मोहल्ले में स्थित प्राचीन श्याम मंदिर में अलसुबह मंगला आरती के साथ ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा। श्री श्याम मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने मंदिर का विशेष फूलों और विद्युत उपकरणों से श्रृंगार किया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन, भजन, कीर्तन सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रमों के साथ पेयजल और रोशनी की व्यवस्थाएं भी की गईं। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की प्रार्थना की। रींगस से खाटूश्यामजी तक हजारों श्याम श्रद्धालुओं ने हाथों में ध्वज लेकर पदयात्राएं भी कीं। श्रद्धालुओं की इतनी अधिक आवक थी कि रेलवे स्टेशन पर पैर रखने की भी जगह नहीं बची। रेलगाड़ी आते ही श्रद्धालुओं को काफी मशक्कत के बाद ही उसमें चढ़ने में सफलता मिल पाई। श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा तथा सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी तैनात रहे। जीआरपी चौकी प्रभारी एएसआई मुकेश कुमार सैनी ने बताया कि जीआरपी ने नीमकाथाना जीआरपी पुलिस थाने सहित कई स्थानों से विशेष पुलिस जाब्ता मंगवाया है, जो रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्थाएं बनाए हुए है।


