हिंडौन सिटी में रविवार को खानसामा युद्ध के सम्मान में विजय दिवस समारोह आयोजित किया गया। महवा रोड स्थित वृंदावन रिसोर्ट में हुए इस कार्यक्रम में 21वीं राजपूत बटालियन दी राजपूत रेजिमेंट से संबंधित रहे बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक शामिल हुए। उन्होंने पूर्ण उल्लास के साथ 55वां विजय दिवस समारोह मनाया। यह समारोह वर्ष 1971 के बांग्लादेश युद्ध में भारतीय सेना की राजपूत रेजिमेंट के वीर सैनिकों की बहादुरी को याद करने के लिए आयोजित किया गया। इन सैनिकों ने दुश्मन देश पाकिस्तान की खानसामा सिटी में अदम्य साहस का परिचय देते हुए उस पर कब्जा कर लिया था। इस युद्ध में राजपूत रेजिमेंट के सैनिकों ने चार वीर चक्र और 20 सेना मेडल अर्जित किए थे। शहीद वीर सैनिकों के सम्मान में मनाए जाने वाले इस विजय दिवस समारोह में देशभर से खानसामा युद्ध से जुड़े रहे लगभग 500 पूर्व सैनिक शामिल हुए। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और अपने गौरव व सम्मान के इस दिन को उत्साहपूर्वक मनाया। समारोह में सूबेदार मेजर ऑनरेरी कैप्टन उदय राम, ऑनरेरी कैप्टन नाहर सिंह, सूबेदार मेजर मामराज, सूबेदार मेजर लक्ष्मण, ऑनरेरी कैप्टन धारा, ब्रह्म सिंह, रघुराज, राजकुमार, हवलदार बृजेंद्र खटाना, सूबेदार नंगूराम और शीशराम सहित सैकड़ों पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।


