संगरूर में सड़क सुरक्षा बल (एसएसएफ) की गाड़ी को स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी, जिससे कार ड्राइवर और दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसा भवानीगढ़ में हुआ। बुधवार रात बालद कैंचियां में हाईवे पर खड़ी एसएसएफ की गाड़ी को तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने जोरदार टक्कर मार दी। स्विफ्ट कार का ड्राइवर शराब के नशे में था। एसएसएफ जवानों को इलाज के लिए पटियाला ले जाया गया है। एसएसएफ कर्मचारी बलविंदर सिंह ने बताया कि दस बजे के करीब उनके साथी कर्मचारी हर्षवीर सिंह और मनदीप दास रात की शिफ्ट के दौरान बालद कैंचियां में तैनात थे। हर्षवीर सरकारी गाड़ी को पॉइंट पर सही दिशा में पार्क कर रहा था, जबकि मनदीप उसके साथ कंडक्टर सीट पर बैठा था, इसी बीच समाना की तरफ से हाईवे पुल के नीचे से आ रही एक तेज रफ्तार बेकाबू स्विफ्ट कार उछल कर एसएसएफ की गाडी से सीधी टकरा गई। टक्कर के बाद गाड़ी पलटी
बलविंदर सिंह ने बताया कि हादसे में कंडक्टर साइड में बैठा मंदीप दास गाड़ी से बाहर गिर गया, जबकि हर्षवीर पलटी हुई गाड़ी के नीचे फंस गया, जिसे मौके पर जुटे लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के कारण हर्षवीर को पटियाला के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है। जबकि मंदीप दास की हालत स्थिर बताई जा रही है। बलविंदर सिंह ने बताया कि हादसा करने वाला कार ड्राइवर शराब के नशे में था, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर भवानीगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने मामले को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।


