प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव के अवसर पर कैथोलिक चर्च, टेंपल ऑफ गॉड चर्च, क्रिश्चियन यूनाइटेड फेडरेशन और लुधियाना पास्टर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में क्रिसमस शोभा यात्रा निकाली गई। राइड ऑफ यूनिटी के नाम से आयोजित यह यात्रा शहर में सांप्रदायिक सौहार्द और एकता की एक नई इबारत लिखी। यात्रा का शुभारंभ सुबह 11:30 बजे सलेम टाबरी स्थित टेंपल ऑफ गॉड चर्च से हुआ। विधायक चौधरी मदन लाल बग्गा, विधायक अशोक पराशर पप्पी और पास्टर अलीशा सुल्ताना ने झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में बाइकर ग्रुप्स ने भी हिस्सा लिया। जिन्होंने पूरे शहर में अनुशासन और एकजुटता का संदेश दिया। जालंधर बाईपास, जस्सियां रोड और संगम चौक होते हुए यह यात्रा जब पुराने कचहरी चौक और लकड़ पुल से गुजरी तो नजारा देखने लायक था। पधोर हाउस के पास हिंदू समुदाय ने चुनरी ओढ़ाकर विशेष स्वागत किया। इसके बाद कलवरी चर्च के पास सभी धर्मों के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर क्रिसमस की बधाई दी। फव्वारा चौक और घुमार मंडी में भी विभिन्न एसोसिएशनों ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया। शोभा यात्रा के मुख्य आयोजक अल्बर्ट दुआ थे। पंजाब में आने वाले शहीदी दिनों के सम्मान में इस बार यात्रा बिना किसी बैंड-बाजे और ढोल के निकाली गई। पास्टर अलीशा सुल्ताना और पास्टर सैमुअल ने संदेश दिया कि इस सादगी से समाज में आपसी सांझ और भाईचारा और मजबूत होगा। यात्रा का समापन सराभा नगर कैथोलिक चर्च में हुआ। जहां फादर थॉमस ने सभी का स्वागत किया। इस मौके पर लंगर का आयोजन किया गया और मानवता की सेवा करते हुए बुजुर्गों को गर्म कंबल, महिलाओं को शॉल और बच्चों को स्टेशनरी वितरित की।


