भास्कर संवाददाता | पाली राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा शताब्दी वर्ष के तहत प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन बापू नगर स्थित रोटरी भवन में किया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद् तथा सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। राष्ट्रीय जीवन में संघ की भूमिका, सेवा कार्यों तथा सांस्कृतिक जागरण के विषय में जिज्ञासा का समाधान किया। जिला संघचालक नेमीचंद अखावत ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने वाले प्रमुख जनों की गोष्ठी का शुभारंभ बालकों द्वारा पंच परिवर्तन जीवन दर्शन का सजीव नाट्य रूपांतरण प्रस्तुति और मां भारती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पांजलि देकर किया। वंदे मातरम के बाद विभाग संघचालक सुरेश चंद्र माथुर ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया शाखाओं के अलावा 50 से अधिक सम वैचारिक संगठन अखिल भारतीय स्तर पर चलते हैं। संघ का कार्य भारतवर्ष के अलावा 80 से अधिक देशों में है। उसके पश्चात कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी शंकर सिंह उदावत ने कहा कि आजकल घर परिवार टूट रहे हैं। 100 वर्ष की यात्रा के बारे में बताया : गोष्ठी के मुख्य वक्ता क्षेत्रीय सह सम्पर्क प्रमुख योगेन्द्र कुमार रहे उन्होंने संघ की 100 वर्ष की यात्रा, राष्ट्र सेवा की विभिन्न धारणाओं, समाज संगठन, समरसता तथा सेवा–प्रकल्पों की आवश्यकता के बारे में बताया। कार्यक्रम स्थल पर सद साहित्य की प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाई गई। इस अवसर पर मारवाड़ जंक्शन, रोहट, खिवाड़ा एवं पाली नगर को छोड़कर पाली तहसील से समाज के विभिन्न वर्गों से प्रमुख जन मौजूद रहे।


