स्पोर्ट्स कार्निवल में टीम स्पर्धा के मुकाबले आज से

भास्कर संवाददाता| पाली डिस्ट्रिक्ट क्लब में रविवार से खेलों का महाकुंभ (स्पोर्ट्स कार्निवल) शुरू होने जा रहा है। 15 दिन तक चलने वाले इस मेगा इवेंट में क्लब के सदस्य और उनके परिवार विभिन्न खेलों में जोर आजमाइश करेंगे। खास बात यह है कि इस बार महिलाओं के लिए विशेष और पहली बार इतनी बड़ी संख्या में स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। खेल प्रभारी राजेश पाटनेचा, रिषी बोहरा और रिषभ तलेसरा ने बताया कि 14 दिसंबर से टीम स्पर्धा के मुकाबले शुरू होंगे, जबकि व्यक्तिगत मुकाबले (सिंगल व डबल्स) 15 दिसंबर से शुरू होंगे। पाली के स्पोर्ट्स इवेंट में ऑक्शन का रोमांच : पाली में इस तरह के क्लब स्तरीय आयोजनों में ऑक्शन-आधारित टीमें बनाना एक नया ट्रेंड शुरू हुआ है। नाइट क्रिकेट के लिए भी ऑक्शन हुआ है। ऑक्शन से टीमें संतुलित होती हैं, जिससे छोटे-बड़े सभी सदस्य एक ही टीम में आते हैं, और खेल का माहौल आईपीएल जैसा रोमांचक हो जाता है। पाली जैसे शहर में क्लब स्तर पर इतनी बड़ी संख्या में खेलों का आयोजन शहर की बढ़ती खेल संस्कृति को दर्शाता है। कल से शुरू होंगे व्यक्तिगत मुकाबले, रजिस्ट्रेशन का आज अंतिम मौका : टीम स्पर्धा के एक दिन बाद, 15 दिसंबर से व्यक्तिगत (सिंगल व डबल्स) मुकाबले शुरू होंगे। इसमें टेनिस, टेबल टेनिस, स्नूकर, योग, निशानेबाजी, कैरम, पिकल बॉल और भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) के धुरंधर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। खेल प्रभारियों ने बताया कि सभी खेलों में हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 14 दिसंबर रखी गई है। डिस्ट्रिक्ट क्लब सचिव पूनीत मूथा ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए निदेशक मंडल के सदस्यों विवेक मेहता, सुमित कवाड, प्रदीप सांड, प्रशांत मूथा और नितिन चोपड़ा, हर्ष लोढ़ा आदि को कार्यभार सौंपा गया है, जो तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हैं। महिला शक्ति का प्रदर्शन: पहली बार इतनी बड़ी स्पर्धाएं : डिस्ट्रिक्ट क्लब में पहली बार महिलाओं के लिए इतनी बड़ी और विविध खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। यह पहल स्पोर्ट्स कार्निवल को एक नई पहचान देगी। इनमें क्रिकेट, बैडमिंटन व्यक्तिगत/डबल्स, टेबल टेनिस ,शूटिंग, शतरंज, कैरम, पिकल बॉल के मुकाबले होंगे। पहली बार स्पोर्ट्स कार्निवल में महिला स्पर्धा के लिए ऑक्शन से खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। क्लब सदस्यों के बच्चों (छात्र व छात्रा) के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताएं रखी गई हैं ताकि वे भी खेल भावना सीख सके। इनमें टेनिस, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, पिकल बॉल और शतरंज प्रमुख है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *