35 दिन में 4900 किमी साइकिल यात्रा कर राजगढ़ आए 54 साल के आशीष

रवि श्रीवास्तव | राजगढ़ अशोकनगर जिले के रहने वाले 54 साल के सरकारी शिक्षक आशीष गलगले ने अपनी उम्र और शारीरिक सीमाओं को चुनौती देते हुए, एक विशेष संदेश के साथ 35 दिनों में करीब 4900 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी की है। गुना जिले के बजरंगगढ़ स्थित सरकारी हायरसेकंडरी स्कूल में कार्यरत शिक्षक आशीष गलगले रविवार को अपनी व्यापक प्रदेश व्यापी यात्रा के बाद राजगढ़ पहुंचे, यहां उन्होंने भास्कर से खास बातचीत की। आशीष ने बताया कि उन्होंने ये यात्रा 9 नवंबर को अशोकनगर से शुरू की थी। वे अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह के ”रेवा शक्ति और हृदय अभियान” से प्रेरित हैं और ये संदेश पूरे प्रदेश में पहुंचाने के लिए साइकिल से निकले थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों का भ्रमण किया। हमारा प्रदेश वाकई में काफी सुंदर है। यात्रा को अब लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज करने के लिए अप्लाई करने की तैयारी है। स्कूल व कॉलेज के पास से गुजरे, वहां रुके, बच्चों से मिले : अपनी यात्रा के दौरान, आशीष गलगले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना रहा। वे जिस भी स्कूल या कॉलेज के पास से गुज़रे, वहाँ रुके और विद्यार्थियों से मिलकर उनके खेल प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं से नशे को छोड़कर खेल से जुड़ने का आग्रह किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *