हिमाचल प्रदेश में लंबे अंतराल के बाद वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से मौसम बदला है। शिमला समेत ज्यादातर भागों में सुबह से ही बादल छाए हुए है। मौसम विभाग के अनुसार, आज रात में चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात और सिरमौर जिला में बूंदाबांदी हो सकती है। कल भी अधिक ऊंचाई वाले भागों में हल्की बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 15 दिसंबर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा। मैदानी इलाकों में बीते 25 दिन से कोहरा पड़ रहा है। इससे मैदानी इलाके शिमला से भी ठंडे हो गए है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर जब तक अच्छी बारिश-बर्फबारी नहीं होती, तब तक मैदानी इलाकों में कोहरा परेशान करता रहेगा। 5 शहरों में 3 डिग्री से नीचे गिरा तापमान प्रदेश के 5 शहरों का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से कम और 12 जगह 5 डिग्री या इससे नीचे गिर चुका है। कोहरे की वजह से कुल्लू के बजौरा, भुंतर, मनाली, मंडी के सुंदरनगर, सोलन, कल्पा इत्यादि शहरों में तापमान जमाव बिंदू के आसपास पहुंच गया है। लाहौल स्पीति के कुकुमसैरी में माइनस -3.5, ताबो में माइनस -6.2 और समदो का माइनस 2.4 डिग्री तक तापमान गिर चुका है। शिमला के तापमान में उछाल इसके विपरीत अमूमन ठंडे रहने वाले शिमला का तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा के साथ 10.0 डिग्री पहुंच गया है। कुफरी में भी 9.4 डिग्री और नारकंडा में 6.3 डिग्री दर्ज किया गया। शिंकुला दर्रा पहुंच रहे टूरिस्ट प्रदेश में शिंकुला दर्रा बर्फबारी के बाद नया टूरिस्ट डेस्टिनेशन बन गया है। बर्फ देखने के लिए टूरिस्ट शिंकुला दर्रा पहुंच रहे हैं। हालांकि, शिंकुला दर्रा तक 4×4 वाहन ही जा पा रहे हैं। इसके अलावा रोहतांग पास और कोकसर में भी टूरिस्ट बर्फ का आनंद उठा रहे हैं। जिला प्रशासन ने 18 दिसंबर तक शिंकुला दर्रा के लिए वाहनों की आवाजाही बहाल कर रखी है। मंगलवार और बुधवार को सड़क मरम्मत कार्य की वजह से टूरिस्ट के लिए पूरी तरह बंद रखी जाएगी। इसी तरह, वीकेंड पर मनाली, शिमला और प्रदेश के दूसरे पर्यटन स्थलों पर भी टूरिस्ट की आमद बढ़ती जा रही है। इससे पर्यटन स्थलों पर काफी समय बाद रौनक लौट आई है।


