भास्कर संवाददाता | रतलाम छतों पर बिजली पैदा करने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रतलाम के 2700 सहित कंपनी क्षेत्र के 15 जिलों में 30 हजार से ज्यादा छतों पर बिजली का उत्पादन हो रहा है। इससे रूफटॉप सोलर नेट मीटर संयंत्रों से बिजली का उत्पादन 330 मेगावाट के पार पहुंच चुका है। सोलर पैनल लगाने वालों को सब्सिडी भी दी जा रही है। इस पर 78 हजार रुपए की सब्सिडी दी जाती है। कंपनी क्षेत्र में अब तक 225 करोड़ की सब्सिडी बांटी जा चुकी है। पश्चिम मप्र में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना व अन्य सोलर संयंत्र मिलाकर 45 हजार स्थानों पर सोलर संयंत्र स्थापित हो चुके हैं। सोलर सिस्टम लगाने के प्रति लोगों की रुचि बढ़ रही- मल्टी इंजीनियरिंग के निदेशक राजेश भटेवरा ने बताया कि सोलर सिस्टम लगाने से कई तरह के फायदे हैं। एक तो इससे घर बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनता है। वहीं इससे बिजली का बिल 70 से 80 फीसदी तक कम हो जाता है। वहीं इस पर सब्सिडी भी मिलती है। इससे लोग सोलर सिस्टम लगाने के प्रति जागरूक हो रहे हैं। रतलाम 2700 मंदसौर 1600 नीमच 1500 बिजली कंपनी के एमडी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में कंपनी ने प्रदेश में सबसे बेहतर काम किया है। पश्चिम मप्र में अब तक पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में 30,200 से ज्यादा स्थानों पर संयंत्र लगाकर बिजली उत्पादन किया जा रहा है। केंद्र शासन द्वारा 28,800 से ज्यादा उपभोक्ताओं को पीएम सूर्य़ घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत सब्सिडी प्रदान की जा चुकी है। अब तक कुल 78 हजार रुपए प्रति उपभोक्ता अधिकतम सब्सिडी के हिसाब से 225 करोड़ की सब्सिडी डीबीटी से अंतरित की जा चुकी है।


