पिकनिक जा रही स्कूल बस नदी में गिरी:विदिशा में 28 स्टूडेंट घायल; सामने से आ रहे वाहन को साइड देने की कोशिश में हादसा

रविवार सुबह ग्राम जोहद के पास सगड़ नदी के 12 फीट ऊंचे पुल से एक स्कूली बस नीचे गिर गई। यह बस हायर सेकेंडरी स्कूल बहादुरपुर के स्टूडेंट्स और स्टाफ को सांची पिकनिक पर ले जा रही थी। हादसे में 28 बच्चे घायल हुए हैं। कुल 45 बच्चे स्कूल से रवाना हुए थे। जानकारी के मुताबिक, नदी का पुल संकरा है। सामने से आ रहे एक वाहन को रास्ता देने दौरान ड्राइवर ने बस को किनारे किया। इसी दौरान बस बेकाबू होकर सीधे नदी में जा गिरी। घटना के बाद बच्चों की चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और नटेरन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने फौरन बस से बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। बच्चों की बस सुबह 8 बजे सांची के लिए निकली थी। हादसा बहादुरपुर से करीब 80 किलोमीटर दूर नटेरन थाना क्षेत्र में सुबह साढ़े 10 बजे हुआ। हादसे के बाद की तस्वीरें देखिए… सगड़ नदी में पानी नहीं
घायल बच्चों में से कुछ को सरकारी अस्पताल गंजबासौदा में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल कुछ बच्चों को जिला अस्पताल विदिशा रेफर किया गया है। अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। राहत की बात यह रही कि जिस जगह बस गिरी, वहां नदी में पानी नहीं था। स्कूल बस में मौजूद रहे शिक्षक अशोक ठाकुर ने बताया- सुबह करीब 8:30 बजे बच्चों के साथ हम तीन शिक्षक स्कूल से रवाना हुए थे। हमारे साथ एक प्यून भी था। स्कूल से करीब 80 किलोमीटर दूर जोहद पुल पर जैसे ही बस पहुंची, सामने से एक और बस आ गई। हमारी बस के ड्राइवर ने साइड देने की कोशिश की। इसी दौरान बस सूखी नदी में गिर गई। आंखों के सामने अंधेरा छा गया। बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। हमने तुरंत अपने आपको संभाला। देखा कि बच्चे एक-दूसरे के ऊपर गिरे हुए हैं। कई के सिर से खून निकल रहा था। मैंने ड्राइवर महाराज सिंह को आवाज दी। लेकिन तब तक ड्राइवर बस से निकलकर भाग गया। हम तीनों शिक्षकों और चपरासी ने बच्चों को बस की खिड़की से निकालना शुरू किया। मैं सबसे पहले बस से बाहर आया और बच्चों को सूखी नदी में ही बैठाना शुरू कर दिया। तब तक पुल से गुजर रहे लोग हमारी मदद को आ गए। उन्होंने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सभी बच्चे खतरे से बाहर
करीब 15-20 मिनट बाद प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस पहुंच गई। बच्चों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मैं पुलिस के साथ एक बार फिर से बस के अंदर ये देखने गया कि कोई बच्चा अंदर तो नहीं रह गया है। सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। ये खबर भी पढ़ें… खंडवा में कार पलटने से मैनेजर की मौत
खंडवा-अमरावती स्टेट हाईवे पर शनिवार रात तेज रफ्तार कार पलटने से ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। अंधेरा और लंबा टर्न होने के कारण कार ने तीन बार पलटी खाई। हादसे में कार सवार दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *