भास्कर न्यूज| जैसलमेर सप्ताह भर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। रविवार को शहर सहित नहरी क्षेत्र रामगढ़, मोहनगढ़ व नाचना में कोहरा छाया रहा। साथ ही दिन भर बादल छाए रहे। बादलों व सूर्य देवता के बीच लुका छिपी का खेल चलता रहा। वहीं दिन का पारा 4 डिग्री गिर गया। जिससे दिन में सर्दी का असर फिर से चमक गया। सुबह सुबह काम पर जाने वाले लोग सर्दी से ठिठुरते नजर आए। वहीं रविवार का अवकाश होने के कारण बच्चों को सुबह की सर्दी से राहत मिली। गांवों से लेकर शहर के कुछ इलाकों में सर्दी से बचने के लिए सुबह सुबह लोगों ने अलाव का सहारा भी लिया। अधिकांश लोग देर तक घरों में ही दुबके रहे। आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार क्रिसमस के बाद सर्दी जोर पकड़ेगी। पिछले दिनों न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-2 व अधिकतम तापमान 3-5 डिग्री ज्यादा चल रहा था। लेकिन रविवार को न्यूनतम सामान्य से नीचे पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव हुआ। दिन के पारे में 4.9 डिग्री व रात के पारे में 1 डिग्री की गिरावट हुई। अधिकतम तापमान 26 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का पारा सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। रबी फसलों के लिए मौसम अनुकूल हो चुका है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि दिन में पिछले दिनों सर्दी का असर कम हो गया था। लेकिन अब दिन के साथ रात में सर्दी का असर बढ़ने लगा है। इससे रबी फसलों को फायदा होगा।


