बैंक के भीतर भी सुरक्षित नहीं ?:महाराज बाड़ा एसबीआई में चोरी, बुजुर्ग का थैला काटकर 60 हजार रुपए ले गया चोर

महाराज बाड़ा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में दिनदहाड़े बुजुर्ग के साथ चोरी की वारदात हो गई। बैंक के भीतर लाइन में खड़े बुजुर्ग का कपड़े का थैला काटकर 60 हजार रुपए चोरी कर लिए गए। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। कम्पू क्षेत्र निवासी सोना सिंह यादव (58) 11 दिसंबर को दोपहर करीब ढाई बजे अपनी पत्नी आशा देवी के खाते में 60 हजार रुपए जमा करने बैंक पहुंचे थे। सोना यादव पहले काउंटर नंबर 22 पर पहुंचे, जहां मौजूद कर्मचारी ने बताया कि खाते में पैन कार्ड लिंक नहीं है और इसके लिए उन्हें काउंटर नंबर 9 पर जाना होगा। इसके बाद वे पैन लिंक कराने के लिए लाइन में लग गए और अपनी बारी का इंतजार करने लगे। इसी दौरान उनके पीछे लाइन में खड़े एक अज्ञात चोर ने मौका पाकर उनके हाथ में टंगे कपड़े के थैले को नीचे से काट दिया और उसमें रखी 500 और 100 के नोटों की गड्डियां निकाल लीं। बुजुर्ग को इसकी भनक तक नहीं लगी। जैसे ही उनका नंबर आया, सोना यादव ने थैले में हाथ डाला तो नगदी गायब मिली। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। चोर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *