राजस्थान सरकार दो साल पूरे होने पर जश्न बना रही है। इधर बाड़मेर कांग्रेस के कार्यकर्ता शहर में सड़कों की खस्ता हालात देखकर गड्ढों को भरने का अभियान शुरू किया। रविवार रात को बाड़मेर रेलवे स्टेशन के पास में लंबे समय से हुए गड्ढों में मलबा, सीमेंट और मिट्टी डालकर भर दिया। पूर्व पार्षद महावीर बोहरा का कहना है कि बाड़मेर शहर की मुख्य सड़कों के हाल बड़े बेहाल है। शहर के अंदर के हिस्सों में सीवरेज का काम चल रहा है। बाड़मेर रेलवे स्टेशन से जिला कलेक्टर की तरफ जाने वाली रोड पर बीचोंबीच सड़क पर एक बहुत बड़ा गड्ढा था। दुपहिया वाहन चालकों को बड़ी परेशानी हो रही थी। कई बार प्रशासन से गुहार लगाई गई लेकिन उन्होंने कोई गड्ढों को भरा नहीं। हमने कोशिश कर उसको लेवल की इससे लोगों को राहत मिल सकें। दरअसल, बाड़मेर शहर समेत ग्रामीण इलाकों में सड़कों की हालात बहुत दयनीय है। लोगों ने इसको लेकर प्रशासन व जनप्रतिनिधियों को कई बार बताया लेकिन सड़कों की मरम्मत या नई सड़कें बन नहीं पाई। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का कहना है कि टेंडर हो गए। जल्दी से सड़कों के मरम्मत काम पूरा हो जाएगा। रविवार रात करीब 8 बजे कांग्रेस के पूर्व पार्षद महावीर बोहरा, नरेश देव सहारण, तरूण बालवानी, सोहनलाल और स्वरूपसिंह पंवार समेत कांग्रेसी सीमेंट, मलबा लेकर रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे। वहां पर बेरिकेड्स लगाकर सीसी रोड पर हुए बड़े गड्ढे को को भरकर लेवल किया गया। महावीर बोहरा का कहना है कि शहर में गड्ढे भरने का क्रम जारी रहेगा। हमारी आम लोगों से अपील है कि इस काम के लिए हमारा समर्थन करें। जहां पर हम गड्ढे भरने का काम कर रहे है उस गड्ढे को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचाएं। व्हीकल सूखने तक उसके ऊपर से न चलाए।


