धौलपुर जिले में लगातार दूसरे दिन भी घना कोहरा छाया रहा। इसके कारण सोमवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घने कोहरे ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित की। प्रदूषण के मामले में भी धौलपुर पीछे नहीं रहा। सोमवार को जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 208 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। सुबह से छाए घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। जिले में विजिबिलिटी मात्र 20 मीटर दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ। फसलों में पाला पड़ने की संभावना
बढ़ती सर्दी जहां गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद मानी जा रही है, वहीं फसलों में पाला पड़ने की संभावना भी है। इसे देखते हुए कृषि विभाग ने पहले ही किसानों से फसलों में पानी देने की अपील की थी। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है, जिसके चलते धौलपुर जिले में भी अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। लगातार दूसरे दिन कोहरे के कारण सोमवार को सुबह 9 बजे तक शहर की सड़कें सूनी रहीं।


