सिवनी के बरघाट थाना क्षेत्र में बेहरई गांव के पास एक ट्रक और कार की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना रविवार देर रात की है। बालाघाट से शादी में शामिल होने बरघाट आ रहे थे जानकारी के अनुसार, बालाघाट से पांच लोग एक कार में सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने बरघाट आ रहे थे। वहीं, एक ट्रक बालाघाट की ओर जा रहा था। बेहरई गांव के पास पहुंचने पर दोनों वाहनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में इरशाद पिता फुललू खान (40) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायलों में जुबैर शेख पिता जमीर शेख (30), तौफीक खान पिता जमीर खान (29), सौरभ पांडे पिता सेवक राम पांडे (30) और फैज खान पिता शाहिद खान (22) शामिल हैं। सभी घायल बालाघाट के निवासी बताए गए हैं। 4 घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बरघाट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और चारों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश बेस ने बताया कि बेहरई के पास फॉरेस्ट डिपो के पास कार क्रमांक MP50ZF7928 और ट्रक क्रमांक MP20HB5338 के बीच आमने-सामने की टक्कर की सूचना मिली थी। उन्होंने पुष्टि की कि इस दुर्घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई है और चार लोग घायल हुए हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।


