बैतूल में ट्रेडिंग के नाम पर 60 लाख की ठगी:खाते में मिले 5.73 करोड़ के ट्रांजैक्शन; इंदौर से सरगना और सारणी से युवती गिरफ्तार

बैतूल की सारणी पुलिस ने म्यूचुअल फंड और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक की जांच में 60 लाख 70 हजार रुपए की ठगी सामने आई है, जबकि आरोपी के बैंक खाते में 5 करोड़ 73 लाख रुपए से ज्यादा के ट्रांजैक्शन मिले हैं। भगत नगर, पाथाखेड़ा निवासी शंकरराव हुरमाडे (65) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि शांतिनगर निवासी आरोपी कैलाश खाड़े (35) ने म्यूचुअल फंड और ट्रेडिंग के जरिए रकम दोगुनी करने का लालच दिया और उनसे 21 लाख 60 हजार रुपए ठग लिए। जांच में पता चला कि आरोपी ने गजानंद झरबड़े से 8.50 लाख, कृष्णाराव गवांडे से 11 लाख, अनिल विश्वकर्मा से 18 लाख और विजय डोगरे से 4.13 लाख रुपए की भी ठगी की है। इंदौर से पकड़ाया मास्टरमाइंड पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुख्य आरोपी कैलाश खाड़े को इंदौर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कबूला कि वह लोगों को ऑनलाइन ट्रेडिंग और गेमिंग से मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर फर्जी पॉलिसियां बनाता था। लोगों से ठगी गई रकम वह अपने खाते में मंगवाकर खर्च कर देता था। युवती भी देती थी साथ पुलिस ने विवेचना के दौरान कैलाश की सहयोगी आयुषी धोटें (23), निवासी ओल्ड ई सारणी को भी गिरफ्तार किया है। वह भी निवेश के नाम पर पैसे ऐंठने में कैलाश का साथ देती थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए हैं। BNS की धाराओं में केस दर्ज थाना प्रभारी जयपाल इनवाती ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316(2), 338, 336(3), 340 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सहयोगियों और बैंक खातों की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *