देवास शहर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सोमवार को सुबह 9 बजे तक शहर के बाहरी क्षेत्रों में कोहरे का घना असर देखा गया। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को सुबह अपने वाहनों की हेडलाइट्स जलानी पड़ीं। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ कोहरे का प्रभाव धीरे-धीरे कम होता गया। पिछले एक दिन में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमानों में 1-1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस था। तापमान में लगातार हो रहे इस उतार-चढ़ाव से ठंड का असर भी घट-बढ़ रहा है, जिससे फिलहाल कड़ाके की ठंड से लोगों को कुछ राहत मिली है। कृषि क्षेत्र के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है। कई क्षेत्रों में रबी फसलों की बुवाई को एक माह बीत चुका है और किसान फसलों की सिंचाई में व्यस्त हैं। फसलों के लिए वर्तमान मौसम सामान्य स्थिति में है।


