विदिशा में रविवार सुबह ठंड के मौसम का पहला घना कोहरा छाया रहा। इसके कारण दृश्यता घटकर महज 15 मीटर रह गई, जिससे आम जनजीवन और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। शहर और आसपास के इलाकों में सुबह के समय इतनी कम दृश्यता थी कि 15 फीट दूर तक भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। सड़कों पर दृश्यता बेहद कम होने के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ी। चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से वाहन चलाने पड़े। घने कोहरे के चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही और दुर्घटना की आशंका बनी रही। ठंड बढ़ने के साथ ही लोग और बच्चे गर्म कपड़ों में बाहर निकले। कोहरे के कारण सुबह का समय ठिठुरन भरा रहा और ठंड का असर आम जनजीवन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। मजदूर बोले- तेज ठंड, अलाव की व्यवस्था नहीं
पुरानी कृषि उपज मंडी के गेट पर किसान और हम्माल सड़कों पर बिखरे कचरे को जलाकर ठंड से बचाव करते दिखे। मजदूरों ने बताया कि इतनी ठंड के बावजूद अलाव की कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण उन्हें मजबूरी में सड़क किनारे पड़ा कचरा जलाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे तक कोहरा नहीं था, लेकिन 6 बजे के बाद अचानक घना कोहरा छा गया। मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, जिससे कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, आने वाले दिनों में दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। सोमवार को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।


