झालावाड़ में तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के एक दिन बाद घायल ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। एसआरजी अस्पताल चौकी प्रभारी भीम सिंह ने बताया कि कोटा जिले के रामगंजमंडी निवासी संजय कुमार पुत्र सूरजमल अपने कर्मचारी के साथ किराने के सामान की सप्लाई करने मध्यप्रदेश के भानपुरा गए थे। वापस लौटते समय लेदी चौराहा के नजदीक किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में संजय कुमार मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ में मौजूद कर्मचारी ने तुरंत फोन करके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद संजय को झालावाड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
यहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि संजय कुमार रामगंजमंडी में अपनी मां के साथ किराए के मकान में रहकर फुटकर किराने के सामान की सप्लाई का कार्य करते थे।
परिजनों ने यह भी बताया कि संजय अविवाहित थे और उनका एक भाई बाहर रहता है। अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों से रिपोर्ट लेकर शव का पोस्टमार्टम कराया और उन्हें सौंप दिया।


