साइबर फ्रॉड से लोगों को बचाने के लिए एसबीआई बैंक के सहयोग से पुलिस ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे एसपी मनोहर मंडलोई ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाई। जागरूकता रथ में शॉर्ट फिल्म और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को साइबर अपराध से बचने के उपाय बताए जाएंगे। एसपी ने बताया कि वर्तमान में बड़े पैमाने पर लोग साइबर फ्रॉड का शिकार हो रहे हैं। पुलिस और एसबीआई बैंक के सयुंक्त प्रयास से जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया गया है। आज एसपी दफ्तर से एसबीआई बैंक के अधिकारियों की मौजूदगी में साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। शहर के मुख्य चौराहों, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को साइबर अपराध की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बचाव के लिए आवश्यक उपाय बताए जाएंगे। साइबर जागरूकता रथ में लगी एलईडी के माध्यम से जागरूकता वीडियो दिखाकर लोगों को साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए जाएंगे। इनकी रही मौजूदगी एएसपी सीताराम ससत्या, एसडीओपी राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक विशाल मालवीय, यातायात प्रभारी कैलाश पटेल, सूबेदार उत्तम सिंह, साइबर सेल प्रभारी मयंक नगाइच सहित एसबीआई बैंक के अधिकारी मौजूद रहे।


