भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र से एक छेड़खानी करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला ने अपने ही मोहल्ले के युवक पर लगातार छेड़खानी और धमकाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी उसे अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर डराता था। पुलिस के मुताबिक 32 साल की यह महिला छोला मंदिर इलाके की एक बस्ती में रहती है। उसी मोहल्ले में दीपक गौर नाम का युवक भी रहता है। आसपास रहने की वजह से दोनों के बीच पहले सामान्य बातचीत होती थी। दीपक कई बार महिला के घर भी आया-जाया करता था। लेकिन कुछ समय पहले उसका व्यवहार अचानक बदल गया। विरोध करने पर धमकाता था आरोपी महिला ने बताया कि दीपक उसके साथ छेड़खानी करने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने धमकी दी कि उसके पास महिला का आपत्तिजनक वीडियो है और वह उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। बदनामी के डर से महिला कुछ समय तक चुप रही, लेकिन दीपक ने इसी का फायदा उठाकर उसे और परेशान करना शुरू कर दिया। मौका मिलते ही करता था अश्लील हरकतें महिला का आरोप है कि जब भी वह अकेली होती, दीपक मौका देखकर अश्लील हरकतें करता था। आखिरकार तंग आकर महिला ने रविवार को छोला मंदिर थाने पहुंचकर पूरी बात पुलिस को बताई। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी दीपक गौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के पास वास्तव में कोई आपत्तिजनक वीडियो है या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


