मंदसौर जिले के तीन पुलिस थाना नारायणगढ़, शामगढ़ और भानपुरा में जल्द ही थाना प्रभारी (TI) बदले जाएंगे। पुलिस विभाग में नई नियुक्तियों को लेकर मंथन तेज हो गया है। माना जा रहा है कि अगले 10 दिनों के भीतर तबादलों की सूची जारी हो सकती है। इसमें कुछ अन्य थानों के प्रभारियों के नाम भी शामिल हो सकते हैं। क्यों खाली हो रहे हैं ये थाने? पुलिस लाइन के अफसरों को मिल सकता है मौका एडिशनल एसपी टी.एस. बघेल ने बताया कि पुलिस लाइन में मौजूद इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर को प्रभार देने पर विचार किया जा रहा है। लाइन में कई ऐसे अधिकारी उपलब्ध हैं, जिनका निलंबन काल समाप्त हो चुका है। वे इन थानों के लिए विकल्प हो सकते हैं। परफॉर्मेंस के आधार पर भी होगी ‘सर्जरी’ सूत्रों के मुताबिक, सिर्फ इन तीन थानों में ही नहीं, बल्कि जिले में अन्य पदों पर भी बदलाव संभव है। थाना स्तर पर परफॉर्मेंस के आधार पर अधिकारियों को इधर-उधर किया जा सकता है। लिस्ट को लेकर विभाग में सुगबुगाहट तेज है। एसपी विनोद कुमार मीना ने जिले के मल्हारगढ़, मंदसौर, सीतामऊ और गरोठ जैसे अनुविभागों में आने वाले लगभग सभी थानों में आरक्षक से लेकर वरिष्ठ पदों तक व्यापक स्तर पर बदलाव किए हैं। इसी कड़ी में अब शेष थानों में भी फेरबदल की तैयारी है। एएसपी तेर सिंह बघेल ने स्पष्ट किया है कि नारायणगढ़, शामगढ़ और भानपुरा थानों को लेकर विभागीय प्रक्रिया के तहत ही आने वाले दिनों में उचित निर्णय लिए जाएंगे। पिछले 110 दिनों के भीतर पुलिस विभागीय जांच के दायरे में कुल 25 नाम शामिल हो चुके हैं। इनमें से अधिकांश मामलों में एसपी विनोद कुमार मीना द्वारा निर्णय लिए गए हैं, जबकि कुछ मामले गंभीर शिकायतों के आधार पर जांच में लिए गए हैं। पुलिस लाइन में मौजूद जिन अधिकारियों को कप्तान थाना या चौकी का प्रभार दे सकते हैं, उनमें टीआई प्रभात गोड, उपनिरीक्षक धर्मेश यादव, उपनिरीक्षक नितिन कुमावत, उपनिरीक्षक रितेश नागर और उपनिरीक्षक मनोज गर्ग जैसे नाम शामिल हैं। हालांकि अंतिम निर्णय एसपी पर ही निर्भर करेगा कि वह किस अधिकारी पर भरोसा जताते हैं। फिलहाल जिले में पुलिस महकमे के भीतर हलचल तेज है और सभी की नजरें आगामी तबादला सूची पर टिकी हुई हैं


