मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिन और सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में धौलपुर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला अस्पताल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रक्तदान शिविर लगाया। इसी दौरान मरीजों के परिजनों के लिए रेड क्रॉस सोसाइटी ने कंबल बैंक का शुभारंभ किया और एक आरोग्य शिविर का भी आयोजन किया गया। सोमवार को जिला चिकित्सालय में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी धौलपुर की ओर से कंबल बैंक का शुभारंभ किया गया। यह बैंक भर्ती मरीजों के परिजनों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल उपलब्ध कराएगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह, भाजपा नेता डॉ. शिवचरण कुशवाह, राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आर.एस. गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्म सिंह मीना और प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष राजवीर सिंह ने रेडक्रॉस द्वारा मरीजों के परिजनों को सर्दी से बचाने के लिए किए जा रहे कार्य की सराहना की। रेडक्रॉस के चेयरमैन डॉ. आर.एस. गर्ग ने बताया कि आमजन की सेवा ही रेडक्रॉस का मुख्य उद्देश्य है। रेडक्रॉस के सचिव संजीव श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि मातृ शिशु चिकित्सालय में भर्ती प्रसूताओं के साथ रहने वाले परिजनों के लिए सर्दी से बचाव हेतु कंबल बैंक स्थापित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि रक्तदान कार्यक्रम के आयोजन से मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी। इस दौरान रेडक्रॉस के उपाध्यक्ष रोहिल सरीन, माहिर हसन रिज़वी, नरेंद्र तोमर, चीकू कमठान, भूपेंद्र राणा, डॉ. वी.डी. व्यास, रनवीर डंडोतिया, भाजपा नेता धीर सिंह जादौन, अभिनाश शर्मा, मुकेश शर्मा, मदनकोली और बाचा राम बघेला भी मौजूद रहे।


