उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली में युवा कांग्रेस ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। इसमें शासकीय बालक एवं कन्या विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए नियमित स्कूल बस सुविधा उपलब्ध कराने और शहडोल-पाली मुख्य मार्ग पर स्कूल समय के दौरान भारी वाहनों के लिए ‘नो-एंट्री’ लागू करने की मांग की गई है। युवा कांग्रेस ने बताया कि शासकीय कन्या एवं बालक विद्यालय शहर से लगभग 5 किलोमीटर दूर शहडोल मुख्य मार्ग पर स्थित रामपुर क्षेत्र में संचालित हैं। छात्र-छात्राएं प्रतिदिन इसी मार्ग से स्कूल आते-जाते हैं, जहां भारी वाहनों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। तेज रफ्तार यातायात के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा है। इसके अतिरिक्त, छात्रावास से भी विद्यालय की दूरी लगभग 5 किलोमीटर है। बस सुविधा न होने के कारण छात्र-छात्राओं को पैदल या अन्य असुरक्षित साधनों से आवागमन करना पड़ता है। इससे उन्हें प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। युवा कांग्रेस नेताओं रवि मिश्रा और रजनीश तिवारी ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल समय में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जानी चाहिए और नियमित स्कूल बस सुविधा तत्काल शुरू की जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया है। इस मामले में एसडीएम मीनाक्षी बंजारे ने बताया कि उन्हें बस सुविधा और ‘नो-एंट्री’ को लेकर ज्ञापन प्राप्त हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि इस संबंध में उचित कार्रवाई की जा सके।


