सीकर के पिपराली रोड पर बेबी फर्स्टहग स्टोर में लाखों रुपए का गबन करने के मामले में पुलिस ने 3 महीने से फरार चल रहे मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। मैनेजर को पुलिस उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार करके लेकर आई है। आरोपी वहां भी किसी स्टोर में मैनेजर के पद पर नौकरी करने लग गया था। उद्योग नगर थाना SHO राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि 26 सितंबर को श्वेता ने मुकदमा दर्ज करवाया कि उनकी फर्म ओम शिव गोरक्ष बेबी सेंटर है। जिसकी एक ब्रांच सीकर में बेबी फर्स्ट हग स्टोर नाम से सीकर के पिपराली रोड पर है। यहां पर मनीष कुमार यादव 1 अगस्त से मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहा था। जो 1 अगस्त 2022 से 19 अगस्त 2025 तक यहां पर मैनेजर की पोस्ट पर नौकरी करके गया। नौकरी करते हुए उसने लाखों रुपए के स्टॉक का गबन किया। जब फर्म ने इंटरनल ऑडिट करवाई तब पता चला कि करीब 24 लाख 62 हजार रूपए के स्टॉक की गड़बड़ी हुई है। इसके अलावा कैश ट्रांजैक्शन में भी करीब 70 हजार रुपए की गड़बड़ी है। इसके अलावा मैनेजर मनीष ने स्टोर के कर्मचारियों से भी करीब 56 हजार रुपए उधार लिए हुए थे। जो बिना दिए ही वह 20 अगस्त को फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन शुरू किया। पुलिस ने कई बार आरोपी की तलाश में उसके संभावित स्थानों पर दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस को ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए सूचना मिली कि आरोपी मनीष कुमार यादव (34) पुत्र राम अजोर यादव उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक स्टोर पर नौकरी कर रहा है। यहां पर पुलिस ने दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अबतक कि इन्वेस्टीगेशन में सामने आया कि आरोपी स्टोर के प्रोडक्ट बेचकर नकद रुपए ले लेता था। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में सब इंस्पेक्टर बीरबल सिंह, हेड कांस्टेबल संत कुमार और कांस्टेबल मामराज सहित अन्य टीम शामिल रही।


