धौलपुर जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति से पहले जयपुर डिस्कॉम ने बिजली बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में डिस्कॉम ने बड़े बकायेदारों से राजस्व वसूली के लिए शिविर आयोजित किए हैं। ये शिविर सोमवार को राजाखेड़ा उपखंड के धारापुरा गांव, जसुपुरा बिजलीघर, ग्रामीण उपखंड के दरियापुरा बिजलीघर और पचगांव अटल सेवा केंद्र पर लगाए गए। इन शिविरों का उद्देश्य लंबित बिल जमा कराने के लिए बकायेदारों को प्रेरित करना था। जयपुर डिस्कॉम के अनुसार धौलपुर जिले के ग्रामीण, राजाखेड़ा और बाड़ी उपखंडों में बकायेदारों की सबसे अधिक लंबित राशि है। इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में नियमित और डीसी पीडीसी उपभोक्ताओं पर भारी बकाया है। कई गांवों में बिजली बिल नाममात्र के जमा होते हैं, जबकि करोड़ों रुपए की राशि बकाया चल रही है। जयपुर डिस्कॉम की सीएमडी आरती डोगरा की नाराजगी के बाद डिस्कॉम इन उपखंडों में राजस्व वसूली को लेकर गंभीर हो गया है। डिस्कॉम के एक्सईएन विवेक शर्मा ने बताया कि बकायेदारों से लगातार संपर्क कर बकाया राशि जमा कराने को कहा जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कई बार मौका देने के बाद भी यदि बकाया राशि जमा नहीं कराई जाती है, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आंकड़ों के अनुसार राजाखेड़ा उपखंड में 8660 उपभोक्ताओं पर 17 करोड़ रुपए, बाड़ी उपखंड में 6080 उपभोक्ताओं पर 15.73 करोड़ रुपए और धौलपुर ग्रामीण उपखंड में 6981 उपभोक्ताओं पर 10.11 करोड़ रुपए की बकाया राशि लंबित है।


